सोजत। नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने कानून व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 21 अगस्त को उपखंड कार्यालय सोजत में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव के दौरान शांति एवं निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नगरपालिका आम चुनाव 2026 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर की गाइडलाइन के अनुसार सभी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने पर जोर दिया गया।
उपखंड मजिस्ट्रेट ने क्रिटिकल बूथों की पहचान एवं सुरक्षा व्यवस्था, हथियारों के लाइसेंस, लाउड स्पीकर के उपयोग, चुनावी सभाओं एवं अन्य कार्यक्रमों की अनुमति सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही धारा 163 बीएनएसएस के प्रावधानों तथा नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को सख्त एवं विस्तृत निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपाधीक्षक पुलिस सोजत, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सोजत, नायब तहसीलदार बगड़ी, थानाधिकारी पुलिस थाना सोजत सिटी, सोजत रोड, शिवपुरा, बगड़ी एवं चंडावल नगर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव शाखा से मोहम्मद रफीक एवं सुरेंद्र सिंह लखावत सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

