सोजत। शहर में मंगलवार प्रातः आयोजित महिला कावड़ यात्रा में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शिव महिला मंडल के तत्वावधान में निकली कावड़ यात्रा में करीब 250 महिला कावड़ यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ नगर के काला-गोरा भैरूजी मंदिर से हुआ। यात्रा मुख्य बाजार, राजपोल गेट, पुलिस थाना रोड, चांदपोल गेट एवं दिल्ली दरवाजा होते हुए भगवान राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा के दौरान पूरा शहर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर महिला कावड़ यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कावड़ लेकर यात्रा पूरी की।
डीजे की मधुर धार्मिक धुनों पर महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भजनों की धुन पर राजस्थानी पारंपरिक नृत्य करती महिलाएं यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजी महिलाओं और भक्ति के माहौल ने पूरे मार्ग को शिवमय बना दिया।
महिला कावड़ यात्रा ने शहर में धार्मिक एकता, उत्साह और श्रद्धा का संदेश दिया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी भी शामिल हुए और महिला कावड़ यात्रियों का उत्साहवर्धन किया।


