सोजत। नगरपालिका आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत सिटी में चिन्हित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना स्थल पर आवश्यक सुविधाओं तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रवि प्रकाश ने अधिकारियों को निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार कूप सिंह पंवार, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी राघव सिंह मीणा तथा पालिका कार्मिक सद्दाम हुसैन भी उपस्थित रहे।


