AD.सोजत सिटी। नगरपालिका चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को वार्ड संख्या 29 से भारतीय जनता पार्टी के नेक, निर्भीक एवं सेवाभावी प्रत्याशी जोगेश कुमार जोशी (लक्की जोशी) के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में वार्डवासियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
चुनाव कार्यालय का उद्घाटन सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर, जुगलकिशोर निकूम एवं भंवरलाल सैणचा ने किया। इस दौरान पंडित सत्यनारायण दवे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करवाया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शोभा चौहान ने भाजपा संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए सभी कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से एकजुट होकर प्रत्याशी लक्की जोशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
वहीं भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा प्रवक्ता राजेश तंवर ने लक्की जोशी को अपना छोटा भाई बताते हुए वार्ड में उनके द्वारा करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी वार्डवासियों को दी। उन्होंने कहा कि लक्की जोशी सदैव जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहे हैं।
इस अवसर पर जुगलकिशोर निकूम ने कहा कि लक्की जोशी ने दिन-रात की परवाह किए बिना वार्ड के विकास के लिए कार्य किया है और वार्ड में विकास की नई लहर लाई है।
ज्ञात रहे कि लक्की जोशी दूसरी बार वार्ड संख्या 29 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों को क्रमबद्ध रूप से वार्डवासियों के समक्ष रखा। लक्की जोशी ने वार्ड को अपना परिवार बताते हुए कहा कि जिस प्रकार अब तक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, उसी तरह आगे भी वार्ड के विकास का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वार्डवासियों से अपने लिए समर्थन और मतदान की अपील की।
समारोह में बड़ी संख्या में वार्डवासियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। इस दौरान मोहन जाट, हीरालाल काठेड़, नरपत सिंह सोड़ा, जितेंद्र व्यास, राजेंद्र शर्मा, महेश सोनी,गोपाल भाई,मदन मोदी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।


