पाली: पैगम्बर हज़रत मोहम्मद (स.अ.व.) के 1500वें जन्मोत्सव के अवसर पर पाली शहर ‘नबी की आमद मरहबा, आका की आमद मरहबा’ के नारों से गूंज उठा। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बैंड-बाजे और रंग-बिरंगी झांकियां शामिल थीं। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुज़रा और लोगों ने इसका गर्मजोशी से स्वागत किया।

नाड़ी मोहल्ला से शुरू हुए इस जुलूस में मुस्लिम समुदाय के लोग ट्रैक्टरों, खुली जीपों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में, पाली के आइमा ए मसजिद और मुफ़्ती ज़ाकिर हुसैन नईमी (यूपी) ने अपने संबोधन में मानवता को ईद-ए-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि हज़रत मुहम्मद (स.अ.व.) ने पूरी दुनिया को अमन, बराबरी और गरीबों की मदद का संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकार दिलाए और समाज से कई बुराइयों को दूर कर एक पूर्ण जीवन प्रणाली प्रदान की।

अंजुमन सीरतुन्नबी के सदर हाजी मोहम्मद रफ़ीक गौरी ने जुलूस से पहले आयोजित समारोह में मोहल्ला सजावट और झांकी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। झांकी में इंदिरा कॉलोनी और खरादियों की गली ने प्रथम स्थान, बुसी गली ने द्वितीय और अरान अली डायर नाड़ी मोहल्ला ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी तरह, मोहल्ला सजावट में जंगीवाड़ा चौक प्रथम, सिपाहियों का बास द्वितीय और छिपों का हेटला बास जाकिर हुसैन रोड तृतीय स्थान पर रहे। मकान सजावट के लिए अबरार हुसैन प्यारा चौक को सम्मानित किया गया।
अंजुमन सीरतुन्नबी के प्रवक्ता आमीन अली रंगरेज़ ने बताया कि जुलूस नाड़ी मोहल्ला के मिलाद चौक से शुरू होकर केरिया दरवाज़ा, बादशाह का झंडा, जंगीवाड़ा और नवलखा रोड सहित शहर के कई हिस्सों से गुज़रा और वापस नाड़ी मोहल्ला पहुँचकर समाप्त हुआ।
वही चूड़ीगर बाजार में अंजुमन हिमायत-ए-इस्लाम चूड़ीगर बाजार कमेटी 1971 से लगातार कौम की ख़िदमात का जिम्मा उठा रही है। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर कमेटी द्वारा स्वागत और तकरीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
रास्ते में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विशेषकर सर्राफा बाज़ार में हिन्दू समुदाय के पाली अधिकमास परिक्रमा संघ द्वारा, जुलूस का ज़ोरदार स्वागत किया गया, जो सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल बना।
जुलूस की व्यवस्था में कमेटी के सदर हाजी मोहम्मद रफ़ीक गौरी, मुस्लिम समाज के सदर हकीम भाई, विधायक भीमराज भाटी, नायब सदर इंसाफ सोलंकी, सईद अंसारी, RJ 22 न्यूज़ चीफ एडिटर सैयद फैयाज बुखारी, रमजान मास्टर, और कई अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।


