जयपुर। अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने और लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजस्थान सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए ई-मित्र सेवाओं को सीधे व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म पर लाने की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट में इस ऐतिहासिक डिजिटल पहल का ऐलान किया।
अब नागरिकों को सिर्फ व्हाट्सएप पर सरकारी नंबर पर ‘Hi’ लिखना होगा, इसके बाद एक स्मार्ट चैटबॉट खुद ही आगे की प्रक्रिया बताएगा। बिल भुगतान से लेकर आवेदन की स्थिति, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं अब मोबाइल से ही मिलेंगी।
24×7 चलेगी सरकारी सेवा..
नई व्यवस्था के तहत ई-मित्र की सेवाएं 24 घंटे और 7 दिन उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि यूजर हिंदी, अंग्रेजी और राजस्थानी भाषा में भी बोलकर काम कर सकेंगे।
100 से ज्यादा सेवाएं होंगी शामिल..
शुरुआत में कई जरूरी सेवाएं शुरू होंगी और आने वाले समय में 100 से ज्यादा नई सेवाएं जोड़ी जाएंगी। बिजली-पानी का बिल, पेंशन स्टेटस, छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, आधार सेवाएं समेत तमाम काम अब एक ही प्लेटफॉर्म से होंगे।
गांव और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा फायदा..
इस डिजिटल फैसले से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र, बुजुर्ग, दिव्यांग और कामकाजी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब ई-मित्र केंद्र तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम..
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह योजना राजस्थान को डिजिटल गवर्नेंस में अग्रणी राज्य बनाएगी और “सरकार आपके द्वार” की सोच को साकार करेगी।
अब राजस्थान में सरकारी काम का मतलब होगा –
लाइन नहीं, लफड़ा नहीं… बस व्हाट्सएप पर ‘Hi’ और काम शुरू!
