पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर इतिहास रचते हुए नीतीश कुमार ने मंगलवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी पटना के गांधी मैदान में हुए भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय स्तर के नेता मौजूद रहे।

समारोह के दौरान सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। इसके साथ ही 26 नव-नियुक्त मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें 14 बीजेपी कोटे से, 8 जदयू से, लोजपा (रामविलास) से 2, हम पार्टी से 1 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से 1 मंत्री शामिल हैं। इस मंत्रिमंडल में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल किया गया है। जदयू ने जमा खान को दोबारा मंत्री बनाकर विश्वास जताया है।

समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से लोगों का अभिवादन किया और गमछा लहराकर समर्थकों का धन्यवाद किया।
हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, यूपी, नगालैंड, ओडिशा, दिल्ली, एमपी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसी बीच मंच पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और जेपी नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जो चर्चा का विषय रहा।
नीतीश कैबिनेट में 13 नए चेहरे, युवाओं को भी मिली जगह….
इस बार नीतीश कैबिनेट में बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए 13 नए चेहरों को मौका दिया गया है। इनमें रामकृपाल यादव और अंतरराष्ट्रीय शूटर से नेता बनीं श्रेयसी सिंह भी शामिल हैं। चिराग पासवान की पार्टी से दो विधायकों को जगह दी गई है, जिनमें संजय सिंह खास तौर पर सुर्खियों में हैं।

संजय सिंह ने महुआ विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को हराया था, जिसके बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ी और अब उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहार में नए राजनीतिक समीकरणों के साथ शुरू हुआ यह कार्यकाल आने वाले दिनों में कई नई दिशा तय करेगा।


