पाली। जिले के मारवाड़ जक्शन थाना क्षेत्र में होली के दिन गाली-गलौच करने से रोकना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के दो युवकों ने कुछ दिन बाद बदला लेते हुए कार से टक्कर मारकर व्यापारी और उसके दोस्त पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
होली पर टोका तो दी थी धमकी…
मारवाड़ जंक्शन थाने में आउवा गांव निवासी गौतमसिंह पुत्र रामेश्वरसिंह ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार उनके भाई जितेन्द्रसिंह दिल्ली के फिरोजाबाद में मिठाई की दुकान चलाते हैं और होली का त्योहार मनाने गांव आए हुए थे।
बताया गया कि होली के दिन गांव के जयपालसिंह और उसका भाई राहुलसिंह गाली-गलौच कर रहे थे। इस पर जितेन्द्रसिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस बात से नाराज होकर दोनों आरोपियों ने बाद में देखने की धमकी दी और वहां से चले गए।
कार से टक्कर मारकर गिराया...
रिपोर्ट के मुताबिक 6 मार्च 2026 की रात को जितेन्द्रसिंह अपने दोस्त गोरधनसिंह के साथ बाइक से चेलावास से आऊवा की ओर जा रहे थे। रास्ते में सुगाली माता मंदिर के पास दोनों आरोपियों ने उन्हें देख लिया और कार से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों नीचे गिर गए।
लोहे के सरिए से किया हमला…
बाइक से गिरने के बाद आरोपियों ने लोहे के सरिए से जितेन्द्रसिंह और गोरधनसिंह पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में जितेन्द्रसिंह के सिर पर गंभीर चोट आई। पहले उन्हें मारवाड़ जंक्शन ले जाया गया, बाद में पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनके सिर में करीब 10 टांके लगाए गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


