in

ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध का असर पाली तक: कमर्शियल गैस सिलेंडर सप्लाई बंद, होटल-मिठाई दुकानदारों की बढ़ी चिंता।

पाली। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब पाली जिले में भी दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों के निर्देश के बाद मंगलवार से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई फिलहाल बंद कर दी गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और फैक्ट्री संचालकों में चिंता बढ़ गई है।

पाली शहर में हर महीने करीब 7 से 8 हजार कमर्शियल गैस सिलेंडर की खपत होती है, जबकि पूरे जिले में यह संख्या करीब 15 हजार सिलेंडर प्रतिमाह तक पहुंचती है। ऐसे में सप्लाई रुकने की आशंका से व्यापारी और उद्योगपति परेशान हैं।

उद्योग और कारोबार पर असर की आशंका…

पाली के सीईटीपी फाउंडेशन के सचिव एसपी चोपड़ा ने बताया कि पाली की कपड़ा इंडस्ट्री को हर महीने करीब 2 हजार सिलेंडरों की जरूरत होती है। यदि सप्लाई लंबे समय तक प्रभावित रही तो कपड़ा उद्योग का उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।

व्यापारियों ने तलाशा दूसरा विकल्प…

कमर्शियल गैस की कमी की आशंका के चलते कई व्यापारी अब वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुट गए हैं। कुछ उद्यमी कोयले की भट्टियां तैयार कराने की तैयारी कर रहे हैं ताकि कारोबार बंद न करना पड़े।

पाली के मिठाई विक्रेता राजू भाई मेड़तिया ने बताया कि उन्हें रोजाना करीब 10 सिलेंडरों की जरूरत होती है और गैस पाइपलाइन भी लगी हुई है। फिलहाल केवल एक दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। पाइपलाइन से गैस देने वालों ने भी आने वाले दिनों में सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई है।

वहीं रेस्टोरेंट संचालक उदय चौधरी ने बताया कि उनके यहां रोजाना करीब दो सिलेंडर लगते हैं। अभी तीन-चार दिन का ही स्टॉक बचा है। गैस एजेंसियों से संपर्क करने पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।

एजेंसी संचालक बोले – मुख्यालय से आए निर्देश…

गैस एजेंसी संचालक ताराचंद मीणा ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद मंगलवार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

घरेलू गैस को लेकर भी फैली अफवाह…

ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध के कारण घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते कई लोग पहले से ही सिलेंडर बुक कराकर घरों में अतिरिक्त सिलेंडर जमा कर रहे हैं।

रसद अधिकारी ने दी सफाई…

पाली के जिला रसद अधिकारी कमल पंवार ने बताया कि जिले में हर महीने करीब 15 हजार कमर्शियल गैस सिलेंडर की खपत होती है। फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद की गई है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और 25 दिन में एक बार ही सिलेंडर बुक कराने की अपील की है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नई फिल्मों के साथ फिर एक्शन में सलमान खान, ‘द बैटल ऑफ बलवान’ का फैंस को बेसब्री से इंतजार।