पाली। जब जिज्ञासा जुनून बन जाए और मेहनत आदत, तो उम्र सच में मायने नहीं रखती। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है ऑर्किड्स सेंट्रल स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के कक्षा 6 के होनहार छात्र अफ्फान मोयल ने, जिन्होंने मात्र 11 वर्ष की उम्र में विज्ञान के क्षेत्र में अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय दिया है।
रसायन विज्ञान के प्रति गहरी रुचि रखने वाले अफ्फान ने आवर्त सारणी के सभी 118 तत्वों के नाम न सिर्फ याद किए, बल्कि उन्हें दो मिनट से भी कम समय में बिना रुके धाराप्रवाह सुनाकर सभी को हैरान कर दिया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह विषय सामान्यतः कक्षा 11 के विद्यार्थियों के स्तर का माना जाता है।
मेड़ता सिटी निवासी अफ्फान के पिता डॉ. आरिफ मोयल राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में सहायक प्रोफेसर हैं। परिवार से मिले शिक्षा-संस्कार और अध्ययनशील माहौल ने अफ्फान की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अफ्फान की इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि अफ्फान की लगन और जिज्ञासा अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

