सोजत। नगरपालिक क्षेत्र सोजत में गहराते पेयजल एवं बिजली संकट को लेकर समाजसेवी और भाजपा नेता गौतम तंवर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर पाली के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं को उठाते हुए पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था में स्थायी समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि सोजत शहर के कई वार्डों में पिछले लंबे समय से भीषण पेयजल संकट बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि कई क्षेत्रों में 5 से 8 दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं हो रही, जिससे आमजन, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और तकनीकी खामियों के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
भाजपा नेता गौतम तंवर ने बताया कि उनके स्वयं के वार्ड में लगातार 6 दिनों से पानी नहीं आने से लोगों में भारी आक्रोश है। इसी समस्या के विरोध में उन्होंने फिल्टर हाउस तालाब पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से स्नान कर प्रशासन एवं जलदाय विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जब जनता को पीने तक का पानी समय पर उपलब्ध नहीं हो रहा, तब यह प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है।
ज्ञापन में जवाई बांध से होने वाली जलापूर्ति में बार-बार आने वाली बाधाओं, मरम्मत कार्यों में अनियमितताओं तथा पर्याप्त एफआरटी टीमों की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी एवं लापरवाही के कारण आमजन को हो रही परेशानियों पर भी चिंता जताई गई।
गौतम तंवर ने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से जलदाय एवं विद्युत विभाग की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।
इस दौरान राजेन्द्र वैष्णव, प्रशांत टांक, विकास गहलोत, धीरज नागौरा, बालकिशन, अजय परिहार, सुनील गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


