सोजत सिटी। समाज में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनमें नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और समाजसेवा की भावना सहज रूप से दिखाई देती है। सोजत के युवा उद्यमी और नेता मनीष पालरिया भी ऐसे ही व्यक्तित्व के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय रहे पालरिया ने चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए छात्र राजनीति से लेकर सामाजिक सेवा तक अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
सभ्रांत परिवार में जन्मे मनीष पालरिया, मेहंदी उद्यमी मदन पालरिया(छोटेवाला) के सुपुत्र हैं। स्कूल जीवन से ही जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करने का उनका सिलसिला शुरू हुआ। जरूरतमंद बच्चों की सहायता से शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर छात्र राजनीति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ता चला गया।
कॉलेज जीवन में पालरिया ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया में मदद, परीक्षा की तैयारी के लिए उपयोगी नोट्स एवं मॉडल पेपर उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की फीस जमा करवाने जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी संगठन क्षमता और विद्यार्थियों के बीच सक्रियता ने उन्हें छात्र राजनीति में भी पहचान दिलाई। बाद में वे कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई से जुड़े और अपनी कार्यशैली से साथियों को प्रभावित किया।
छात्र राजनीति के बाद पालरिया ने NSUI जिला अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली एंव युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष भी रहे सन् 2020 से 2023 तक और संगठनात्मक नेतृत्व का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को जोड़ने तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने पर जोर दिया।
कोरोना काल में सेवा का उदाहरण
कोरोना महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में मनीष पालरिया ने अपनी टीम के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अस्पतालों में आवश्यक सहयोग से लेकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता तक वे लगातार सेवा कार्यों में जुटे रहे। उनके इस प्रयास से कई परिवारों को कठिन समय में सहारा मिला।
समाजसेवा से संस्कृति तक सक्रिय भागीदारी
पालरिया की सक्रियता केवल राजनीति तक सीमित नहीं रही। गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और बालिका शिक्षा जैसे विषयों में भी वे लगातार भागीदारी निभाते रहे हैं। सोजत महोत्सव में उनकी सक्रिय सहभागिता रही है। विशेष रूप से सेजल कन्याओं के पूजन जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में भी उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
युवा उद्यमी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहना मनीष पालरिया के व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण पक्ष है। छात्र जीवन से शुरू हुआ सेवा और सहयोग का सफर आज भी विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के माध्यम से जारी है।


