पाली | 01 अगस्त: हरियाणा के लोहारू में 1 से 2 अगस्त तक आयोजित होने वाली चतुर्थ नॉर्थ इंडियन स्ट्रेन्थ लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पाली का प्रतिनिधित्व और भी खास होने जा रहा है। पाली के अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी एवं पाली जिला स्ट्रेन्थ लिफ्टिंग संघ के सचिव मांगु सिंह दुदावत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक (चीफ रेफरी) की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
दुदावत की इस नियुक्ति की खबर मिलते ही पाली जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है। उनकी अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों, खेल के प्रति समर्पण तथा स्ट्रेन्थ लिफ्टिंग क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए आयोजकों ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
खेल संगठनों एवं स्थानीय खिलाड़ियों ने इसे पाली जिले और पूरे राजस्थान के लिए एक बड़ा गौरव बताया है। दुदावत को विभिन्न खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों द्वारा बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।

