in

पाली जिले को सूखाग्रस्त घोषित कर विशेष पैकेज दे सरकार : ऐश्वर्या सांखला

सोजत में आठ-आठ दिन में हो रही अपर्याप्त जलापूर्ति, चिकित्सा व्यवस्था में सुधार सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग।

सोजत। नगर पालिका पार्षद एवं पाली जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती ऐश्वर्या राजेश सांखला ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पाली जिले को सूखाग्रस्त एवं अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित कर विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की है। उन्होंने जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी से भी जिले में उत्पन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए आपातकालीन योजना बनाने तथा सोजत सहित जिले के अन्य शहरों, कस्बों एवं गांवों में विशेष राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की।

श्रीमती ऐश्वर्या सांखला ने कहा कि पाली जिले में पेयजल संकट, बदहाल चिकित्सा व्यवस्था और रोजगार की कमी के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोजत में आठ-आठ दिनों के अंतराल पर पेयजल आपूर्ति हो रही है, वह भी जरूरत के अनुसार पर्याप्त नहीं है। ऐसे में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए 600 रुपये तक खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और रिक्त पद भरने की मांग…

सांखला ने जिले के सरकारी अस्पतालों में बदहाल चिकित्सा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए चिकित्सकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को सोनोग्राफी और एक्स-रे जैसी जांचों के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। मौसम जनित बीमारियों को देखते हुए अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था एवं विशेष कक्ष स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

किसानों, मजदूरों और पशुधन के लिए राहत की जरूरत…

श्रीमती सांखला ने कहा कि जिले में किसान और मजदूर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं तथा युवाओं के सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने मनरेगा के तहत रोजगार पाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने गौवंश एवं अन्य पशुधन की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में पशु भी पानी के अभाव में परेशान हैं। ऐसे में पशुओं के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, पेयजल संकट से निपटने के लिए परंपरागत जलस्रोतों एवं आवश्यकतानुसार निजी जलस्रोतों का अधिग्रहण कर आमजन को पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

जनसमस्याओं की अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी…

सांखला ने आरोप लगाया कि चुनावी गतिविधियों के चलते आमजन के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पेयजल आपूर्ति में सुधार, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेयजल एवं चिकित्सा व्यवस्था सहित जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो जनहित में आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: गाडोलिया लोहार कॉलोनी के राजकीय विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, 45 प्रतिभागियों ने लिया भाग।

107 वर्षीय खुमाराम चौधरी ने चार पीढ़ियों के साथ किया मतदान, लोकतंत्र के पर्व पर पेश की अनूठी मिसाल।