जैसलमेर/रामदेवरा। रामदेवरा में श्रद्धालुओं को पार्किंग व वाहन प्रवेश शुल्क के नाम पर परेशान करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे वीडियो के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है।
एडीजे किशोर तालेपा ने तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश जारी करते हुए जिला कलक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे और एसडीएम पोकरण को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामदेवरा में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए 7 गेट बनाए गए हैं। इन गेटों पर पार्किंग शुल्क के अलावा प्रवेश शुल्क वसूले जाने की बात सामने आई है। वायरल वीडियो के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने के बाद अब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्वयं मामले में हस्तक्षेप कर वास्तविक स्थिति जानने का निर्णय लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


