पाली। अखिल राजस्थान लेबोरेट्री टेक्नीशियन कर्मचारी संघ और लैब टेक्नीशियन रेडियोग्राफ बेरोजगार संघ के बैनर तले सोमवार को जिलेभर के लैब टेक्नीशियन बड़ी संख्या में पाली पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए वे कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री को मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री के नाम 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
लैब टेक्नीशियनों ने जांचों के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि इससे जांचों की गुणवत्ता प्रभावित होगी और युवाओं के रोजगार के अवसर कम होंगे। उन्होंने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।
प्रमुख मांगें
लैब टेक्नीशियन का ग्रेड पे 2800 से बढ़ाकर 4500 किया जाए।
स्पेशल पे को मूल वेतन का 25 प्रतिशत किया जाए।
संवर्ग के अनुसार नए पदों का सृजन किया जाए।
उच्च प्रशिक्षण हेतु स्टडी लीव के साथ 50% कोटा रिजर्व करते हुए M.Sc, MLT, PhD कोर्स शुरू किए जाएं।
चिकित्सकों की तर्ज पर समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित की जाए।
NTEP प्रोग्राम के तहत TruNAAT व CBNAAT केंद्रों पर दो लैब टेक्नीशियन व एक कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति हो।
अनुमोदित पदनाम परिवर्तन की गजट नोटिफिकेशन जारी की जाए।
स्टाफिंग पैटर्न पत्रावली को मंजूरी देकर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
हब एंड स्पोक मॉडल में निजीकरण की बजाय आधी लागत में गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
इस दौरान जिलाध्यक्ष रमेश राठौड़, धनसिंह राव, जोगसिंह राठौड़, करण सिंह, धर्मवीर सिंह, अरुण वर्मा, मनीष खोजा, दिलीप सिंह, पूरण परिहार, उगमा देवी, खुशाल सैन, बलवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में लैब टेक्नीशियन मौजूद रहे।


