केर्न्स। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 16 अगस्त 2025 को केर्न्स में हुआ। निर्णायक मुकाबले में मैक्सवेल ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों पर नाबाद 62 रन ठोके। उनकी पारी में स्ट्राइक रेट 172.22 का रहा। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस सम्मान के साथ ही मैक्सवेल ने डेविड वॉर्नर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों ही खिलाड़ियों के नाम अब ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 12-12 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने का रिकॉर्ड दर्ज है।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से टी20I में सर्वाधिक ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
12 – ग्लेन मैक्सवेल
12 – डेविड वॉर्नर
09 – शेन वॉटसन
08 – आरोन फिंच
08 – एडम जम्पा
मैक्सवेल के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 क्रिकेट में कितने अहम खिलाड़ी हैं।


