in

अनंत अंबानी की दरियादिली: साइकिल से डिलीवरी करने वाले सुजीत को मिला नया स्कूटर, खुशी से छलक पड़े आंसू।

मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की ओर से एक जरूरतमंद डिलीवरी एजेंट को स्कूटर भेंट किए जाने का मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। ब्लिंकिट में काम करने वाले सुजीत नामक डिलीवरी एजेंट को जब नया स्कूटर उपहार में मिला, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। भावुक सुजीत की आंखों से आंसू छलक पड़े। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

साइकिल से पहुंचाता था ऑर्डर…

जानकारी के अनुसार, मुंबई में ब्लिंकिट के लिए काम करने वाला सुजीत आर्थिक परेशानियों और बढ़ती महंगाई के कारण बाइक नहीं खरीद पा रहा था। वह अपनी साइकिल से ही ग्राहकों तक ऑर्डर पहुंचाने का काम करता था।

समाजसेवी एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी की मुलाकात जब सुजीत से हुई, तो उन्होंने उससे उसकी परेशानी के बारे में पूछा। बाइक नहीं खरीद पाने की वजह जानने पर सुजीत ने बताया कि कम कमाई और बढ़ती महंगाई के बीच उसके लिए बाइक खरीदना संभव नहीं है।

लाल कपड़े के नीचे छिपा था सरप्राइज…

सुजीत की परेशानी जानने के बाद हुसैन मंसूरी ने उसे डिलीवरी पूरी कर वापस आने के लिए कहा और एक सरप्राइज देने का वादा किया। जब सुजीत वापस लौटा, तो उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसे एक उपहार के पास ले जाया गया।

इसके बाद लाल कपड़े से ढके उपहार को दिखाते हुए मंसूरी ने बताया कि यह अनंत अंबानी की ओर से उसके लिए एक छोटा-सा तोहफा है। कपड़ा हटने पर सामने एक बिल्कुल नया स्कूटर था।

अपनी जरूरत का यह उपहार देखकर सुजीत भावुक हो गया। उसने हुसैन मंसूरी को गले लगा लिया और खुशी के आंसुओं के बीच धन्यवाद कहा। यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जिसे सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है।

मेहनतकश लोगों की मदद की पहल…

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुजीत को स्कूटर भेंट करने की यह पहल अनंत सेवा फाउंडेशन से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि राहुल कनाल और हुसैन मंसूरी के सहयोग से जरूरतमंद और मेहनतकश लोगों को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।

इस पहल का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है, जो रोजाना मेहनत करके शहर की आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में योगदान देते हैं।

सुजीत को मिला यह उपहार उसके लिए केवल एक स्कूटर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम को आसान बनाने और अपनी आजीविका को बेहतर करने का एक अवसर भी है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत:शरद पूर्णिमा पर चारभुजानाथ मंदिर में चांदनी में विराजे ठाकुरजी, खीर सहित विभिन्न व्यंजनों का लगाया भोग।