ब्यावर। राजस्थान के ब्यावर जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साउथ फिल्मों के प्रोड्यूसर और एक्टर जीवा के पिता रतनलाल भगतराम (आर.बी.) चौधरी (76) का निधन हो गया। हादसा ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर झूठा गांव चौराहे के पास हुआ।

मवेशी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर.बी. चौधरी शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक हाईवे पर गाय आ जाने से उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने सेफ्टी डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद उन्हें एनएचएआई एंबुलेंस की मदद से रायपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जोधपुर रेफर किया गया है।
शादी समारोह से लौट रहे थे...
रायपुर थाने के एएसआई मनोहर लाल के अनुसार, चौधरी रायपुर के लीलाम्बा गांव स्थित पिपलिया बेरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव सोजत रोड लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

गांव से लेकर अस्पताल तक उमड़ी भीड़…
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे। परिजनों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के बाद शव को जयपुर ले जाया जाएगा और वहां से एयर एंबुलेंस के जरिए चेन्नई भेजा जाएगा, जहां हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया जाएगा।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम…
पाली जिले के सोजत रोड के रिसानिया गांव निवासी आर.बी. चौधरी दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने प्रोड्यूसर थे। वे सुपर गुड फिल्म्स बैनर से जुड़े रहे और तमिल, मलयालम सहित कई भाषाओं में करीब 98 फिल्मों का निर्माण कर चुके थे।
उनकी प्रमुख फिल्मों में शामिल हैं:
नट्टमई (1994)
सूर्यावंशम (1997)
थुल्लाधा मनमम थुल्लुम (1999)
आनंदम (2001)
जिला (2014)
बताया जा रहा है कि उनकी 99वीं फिल्म तैयार थी और उनका लक्ष्य 100 फिल्में बनाने का था।


