मारवाड़ जंक्शन (पाली)। क्षेत्र के कंटालिया गांव में मंगलवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक को शराब के नशे में अवैध क्लिनिक चलाते हुए पकड़ा गया। कथित फर्जी डॉक्टर के इलाज से एक महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
महिला की हालत बिगड़ने से मचा हड़कंप…
जानकारी के अनुसार, झिझारड़ी निवासी नैनादेवी पत्नी भगवानसिंह रावत पिछले तीन दिनों से कंटालिया स्थित एक अवैध क्लिनिक में इलाज करा रही थीं। आरोप है कि क्लिनिक संचालक ने इलाज के नाम पर उनसे 37 हजार रुपए वसूले। लेकिन इलाज के दौरान उनकी हालत सुधरने के बजाय और बिगड़ गई तथा पूरे शरीर में सूजन आ गई।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन…
महिला की हालत गंभीर होते देख परिजन आक्रोशित हो गए। रावत समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और क्लिनिक के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बिना लाइसेंस चला रहा था क्लिनिक…
कंटालिया चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक मलाराम चौधरी के अनुसार, करमावास मालियान निवासी हुकमाराम पुत्र अणदाराम कुमावत ने ‘आनंद मेडिकल स्टोर’ के नाम से दुकान खोल रखी थी। इसी के पास उसने अवैध रूप से बेड लगाकर क्लिनिक भी संचालित कर रखा था।
जांच में खुली पोल, क्लिनिक सील…
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सरकारी डॉक्टर डॉ. नफीस अली को मौके पर बुलाया। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास डॉक्टर का कोई वैध लाइसेंस नहीं था और वह शराब के नशे में मरीजों का इलाज कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने क्लिनिक को बंद करवा दिया।
आरोपी गिरफ्तार, आज होगा कोर्ट में पेश…
पुलिस ने आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और आगे कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन की अपील:
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इलाज के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत डॉक्टरों से ही संपर्क करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


