in

सोजत: बाल मेले में बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन, विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने की सराहना।

सोजत। रामेलाव तालाब के पास स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बाल मेला, रीडिंग फॉर्मेशन कार्यक्रम एवं छात्र संसद समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती शोभा चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे एवं नगर पालिका चेयरमैन कीर्ति तंवर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा का अवलोकन कर उनके कौशल की सराहना की।

विधायक शोभा चौहान ने कहा कि छोटी उम्र में बच्चों को उचित वातावरण और मार्गदर्शन मिले तो उनके कौशल एवं प्रतिभा का दायरा व्यापक रूप से विकसित हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सभी संभावनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। जब भविष्य सशक्त हाथों में होता है तो राष्ट्र की प्रगति की गति दोगुनी हो जाती है। उन्होंने बाल मेले में बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों एवं कौशल की भूरी-भूरी सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रेरक नेतृत्व देश और प्रदेश की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नगर पालिका चेयरमैन कीर्ति तंवर ने कहा कि बच्चों में सृजनात्मक क्षमता अपार होती है। यदि उनके हुनर को तराशने वाला उचित गुरु मिल जाए तो वे सफलता के शिखर तक पहुंच सकते हैं।

प्रधानाचार्य स्वरूप सिंह उदावत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं पीएमश्री विद्यालय की महत्ता के बारे में जानकारी दी।

बाल मेले में हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं…

कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं उनकी माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। म्यूजिकल चेयर रेस, चम्मच दौड़ एवं निशानेबाजी जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में झलकी विद्यार्थियों की प्रतिभा…

बाल मेले में विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बाल वाटिका में 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।

बच्चों ने स्वयं निर्मित सेल्फी स्टैंड, चकरी एवं विद्युत पथ जैसे मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जादुई पिटारे में रोचक सामग्री, मिलान करो गतिविधि तथा अभिभावकों के साथ विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।

अतिथियों ने बच्चों द्वारा तैयार सेल्फी स्टैंड पर फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बच्चों के जन्मदिवस पर केक काटकर खुशियां भी मनाई गईं।

भामाशाह ने वितरित किए स्वेटर…

कार्यक्रम के दौरान भामाशाह कुसुम लोढ़ा द्वारा विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए। बच्चों को प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए पारितोषिक एवं पानी की बोतलें भी प्रदान की गईं। समारोह के समापन पर विद्यार्थियों को छात्र संसद की शपथ दिलवाई गई।

ये रहे उपस्थित…

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार, भाजपा युवा नेता प्रफुल्ल ओझा, कुसुम लोढ़ा, चेतन व्यास, नवनीत राय, रुचिर, सुरेंद्र व्यास, राकेश कश्यप, उदाराम, राजेंद्र जोशी, सीमा व्यास, ममता टाक, गुड्डी मैडम, मीनाक्षी, नवल, ममता, रुखसार, लक्ष्मण, रमेश त्रिवेदी, पंकज शर्मा, संजय सिंह एवं राकेश भटनागर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पप्पूराम ने किया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत पुलिस की तत्परता से परिजनों से बिछड़ा मासूम सुरक्षित परिवार तक पहुंचा।