पाली, 29 अगस्त 2025 – मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन(AIMIM) और ह्यूमन राइट जस्टिस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में राज्य सरकार से 5 सितंबर 2025 को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर पूरे प्रदेश में ड्राई-डे घोषित करने की मांग की है।

संगठन के अध्यक्ष एम.के पठान और AIMIM के पाली जिलाध्यक्ष आसिफ खान ने बताया कि मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि हज़रत मोहम्मद साहब का जन्म दिवस मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र अवसर है, जो शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। इस दिन प्रदेशभर में जुलूस, मजलिस, तकरीर और कव्वालियों सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

पत्र में तर्क दिया गया है कि इस दिन शराब बिक्री पर रोक धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ-साथ राज्य में आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब को भी मजबूत करेगी। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर पूरे राज्य में ड्राई-डे की घोषणा करेगी।
स्थानीय समुदाय में भी इस मांग को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि यह कदम राजस्थान की धार्मिक एकता को नई दिशा देगा।

