पाली | 26 दिसम्बर भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कल, 27 दिसंबर को पाली में एक विशाल जन-जागरण रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली मुख्य रूप से ‘अरावली बचाओ जन-आंदोलन’ और ‘मनरेगा’ के संरक्षण को लेकर आयोजित की जा रही है।

जिला प्रवक्ता रफीक चौहान ने बताया कि अरावली पर्वतमाला राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं, बल्कि प्रदेश की जीवन रेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार षड्यंत्रपूर्वक इसे खनन माफियाओं के हवाले कर रही है और नए खनन पट्टे आवंटित कर इस धरोहर को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को निरस्त करने हेतु विधेयक लाने की मंशा का भी पुरजोर विरोध किया जाएगा।
रैली का मार्ग और समय:
जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निंबाड़ा के नेतृत्व में यह रैली कल 27 दिसंबर को प्रातः 11:00 बजे कांग्रेस भवन से शुरू होगी। शहर के विभिन्न मार्गों और कलेक्ट्रेट से होते हुए यह रैली गांधी मूर्ति सर्किल पहुंचेगी, जहां एक सभा का आयोजन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

