जोधपुर। शहर के बोरानाडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लगने से एक व्यापारी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोरानाडा के भांडु पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक मारुति 800 कार में सुबह करीब 11:42 बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद कार के अंदर एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव मिला।
मृतक की पहचान भरत लुनिया के रूप में
पुलिस के अनुसार, कार नंबर के आधार पर मृतक की पहचान भरत लुनिया (40) के रूप में हुई है, जो फिलहाल जोधपुर के बासनी में रह रहा था और मूल रूप से बाड़मेर के धोरीमना का निवासी था। वह पेशे से व्यापारी था। शव पूरी तरह झुलस जाने के कारण अंतिम पुष्टि के लिए परिजनों को बुलाया गया है और डीएनए जांच भी कराई जाएगी।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि हादसे के समय व्यापारी कार की सीट पीछे कर आराम की मुद्रा में लेटा हुआ था। कार का एक दरवाजा भी खुला हुआ मिला। गाड़ी सड़क से हटकर कच्चे रास्ते पर खड़ी थी।
परिजनों के अनुसार, भरत सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था।
पुलिस और फायर विभाग फिलहाल यह पता लगाने में जुटे हैं कि कार में आग कैसे लगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।


