सोजत। NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सोजत महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान विश्वविद्यालय के अंतर्गत चल रहे विभिन्न आयोजनों की कड़ी में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जाखोड़ा के निर्देशानुसार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। NSUI पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

संवाद के दौरान संगठन की विचारधारा को विद्यार्थियों तक पहुंचाया गया तथा शिक्षा, रोजगार और छात्र अधिकारों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को मंच प्रदान करना रहा।
NSUI द्वारा 4 अप्रैल से 9 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें संगोष्ठी, श्रमदान, पर्चा वितरण, छात्र संवाद, धरना-प्रदर्शन, कवि सम्मेलन एवं “Run for Rojgar” मैराथन शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राहुल राठौड़, दिवेश सामरिया, राकेश तंवर, भावेश, मुजम्मिल, आवेश, अयान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
NSUI ने दोहराया कि संगठन निरंतर छात्र हितों के लिए संघर्षरत है और भविष्य में भी विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।


