सोजत सिटी। मानवता और जीव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री राम सुंदरकांड मंडली, सोजत सिटी पिछले 8 वर्षों से लगातार सराहनीय सेवा कार्य कर रही है। मंडली के सदस्य सड़क हादसों में घायल कुत्तों सहित अन्य पशु-पक्षियों का निस्वार्थ भाव से उपचार करवा रहे हैं।

मंडली द्वारा स्थानीय स्तर पर घायल पशुओं के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाती है। इसके साथ ही बेसहारा पशु-पक्षियों के लिए नियमित रूप से भोजन की व्यवस्था भी की जाती है। गंभीर रूप से घायल कुत्तों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर भेजा जाता है, जिससे अब तक कई पशु-पक्षियों को नया जीवन मिल चुका है।
इस सेवा कार्य में मंडली के सक्रिय सदस्य दिनेश टांक, गौरव प्रजापत, गौतम गहलोत, भरत पवार, संजय तंवर, रामरतन भाटी, चैनराज टांक, दिवेश सांखला, प्रशांत तंवर, विनोद जांगिड़ एवं गोपाल सांखला निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मंडली के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। यह सेवा कार्य न केवल पशु-पक्षी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि मानवता और करुणा का सशक्त संदेश भी देता है।

