पाली। मंडिया रोड स्थित आगम टेक्सटाइल फैक्ट्री में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे कपड़ों के धानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग बुझाने के लिए पाली और सोजत सिटी से कुल 7 दमकलें बुलाई गईं। रात करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह चार बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान दमकलों ने करीब 54 फेरे लगाए, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।

अग्निशमन अधिकारी रामलाल गहलोत के अनुसार आग फैक्ट्री के 220-221 नंबर फोल्डिंग हॉल से शुरू हुई, जो धीरे-धीरे पूरे परिसर में फैल गई। फैक्ट्री में रखे करीब 7 से 8 हजार कपड़े के धान आग की चपेट में आकर जलने लगे, जिससे नुकसान का आंकड़ा काफी बड़ा माना जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

विशेषज्ञों के अनुसार सिंथेटिक कपड़े में पेट्रोकेमिकल तत्व होने के कारण वह तेजी से आग पकड़ता है। आग लगने पर यह कपड़ा जलने के बजाय पिघलकर चिपकने लगता है, जिससे आग और तेजी से फैलती है।
आग बुझाने में अग्निशमन अधिकारी रामलाल गहलोत के साथ कमलकिशोर, राहुल, पारस गहलोत, डिम्पल, अशोक, महेंद्र, रमेश, आशीष, सुमेर चौधरी और अमृत आदिवाल सहित कई दमकलकर्मी पूरी रात जुटे रहे। साथ ही आसपास की फैक्ट्रियों से पानी की व्यवस्था की गई और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया।


