पाली। विधि जगत की सबसे बड़ी संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव पाली में पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए।
शहर के न्यायालय परिसर स्थित न्यू अधिवक्ता चैंबर भवन में आयोजित इस निर्वाचन प्रक्रिया में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं अभिभाषक मंडल अध्यक्ष पी. एम. जोशी ने बताया कि चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया जिला न्यायाधीश राजेंद्र कुमार की निगरानी में संपन्न कराई गई। वहीं अतिरिक्त जिला न्यायाधीश शरद तंवर, विशिष्ट न्यायाधीश राकेश गोरा और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋचा चौधरी के निर्देशन में प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रही।
चुनाव के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट विमलेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते के साथ पूरे समय मौजूद रहे।
मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
कुल 863 पंजीकृत मतदाताओं में से 619 अधिवक्ताओं ने सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान किया, जो लगभग 71% मतदान दर्शाता है। चुनाव में करीब 234 प्रत्याशी मैदान में थे।
मतदान की सुगमता के लिए 12 काउंटर बनाए गए, जहां मतदाताओं ने व्यवस्थित तरीके से अपने मताधिकार का उपयोग किया।
निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहायक निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह मेड़तिया, गजेंद्र सिंह मेड़तिया, किरण मीणा और प्रकाश तलेसरा सहित पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई। वहीं निर्वाचन अधिकारी सुमेर सिंह राजपुरोहित, कमलेश दवेरा और जब्बर सिंह हाथलाई के नेतृत्व में करीब 30 सदस्यीय टीम ने मतदाता सूची, स्लिप वितरण, पहचान, कंप्यूटर कार्य और अन्य व्यवस्थाओं को संभाला।
इसके अलावा अर्जुन राठौड़, कुन्दन चौहान, सद्दाम काजी, मुकेश आर्य, प्रवीण साहू, हेमाराम परिहार, रज्जब अली, कुसुमलता मेवाड़ा, मोनिका वैष्णव, आशा पुन्नड़, डिंपल पवार, मोनिका पुरी, कुसुमलता पंवार, अल्ताफ खान, मोहित कुमार सहित अनेक अधिवक्ताओं ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
समग्र रूप से पाली में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होने पर अधिवक्ताओं व प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।


