in

पाली में दर्दनाक सड़क हादसा: पत्नी को लेने जा रहा युवक नहीं लौटा, मां की पुकार—“एक बार मिलवा दो मेरे बेटे से…”।

पाली। शहर में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में 25 वर्षीय युवक पप्पूराम की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को लेने अजमेर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, रोहट क्षेत्र के खांडी गांव निवासी पप्पूराम पुत्र उदाराम बाइक से पाली आया था। यहां नया गांव में बाइक खड़ी कर वह बस से अजमेर जाने वाला था। लेकिन नया गांव से कुछ दूरी पर मुकनविहार के सामने हाईवे पर पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पप्पूराम उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत उसे एम्बुलेंस से बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मां को नहीं बताया सच, फिर भी समझ गई दर्द

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मां हनकादेवी को बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। उन्हें बताया गया कि पप्पूराम घायल है और उसका ऑपरेशन चल रहा है।

लेकिन एक मां का दिल सब समझ गया। अस्पताल में रोते हुए वह बार-बार डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से कहती रहीं—

“मेरा बेटा कैसा है… एक बार मुझे उससे मिलवा दो… हाथ-पैर टूट भी जाएंगे तो मैं उसे पाल लूंगी…”

उनकी ये दर्दभरी पुकार वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गई।

पीछे छूट गया भरा-पूरा परिवार…

पप्पूराम अपने पीछे तीन छोटे बच्चों—एक बेटी और दो बेटों—को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Rj22 news

Written by Rj22 news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

पाली: आशापुरा नगर में आवारा कुत्तों का खौफ; 24 घंटे में चार लोगों को किया लहूलुहान, दहशत में क्षेत्रवासी 

बीकानेर में 70 करोड़ की हेरोइन बरामदगी: घायल युवक अब भी बेहोश, जांच की कड़ियां मोबाइल और वाहन नंबर से जुड़ी।