सोजत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को विशेष योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
मुख्य योग प्रशिक्षक नवनीत राय ‘रुचिर’ ने योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्ष पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी तथा नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल रामावत ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक कला है। इसे व्यवहार में उतारकर व्यक्ति अपने जीवन को अधिक संतुलित, सफल और स्वस्थ बना सकता है।
इस अवसर पर प्रोफेसर मोहम्मद इरफान ने प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योग प्रशिक्षक रुचिर के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
योग कार्यक्रम के बाद ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के बैनर तले प्रोफेसर प्रशांत शर्मा ने मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए अधिक से अधिक मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं कार्यालयी स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय सोजत सिटी के अधीन संचालित राजसेस महाविद्यालय, आई माता राजकीय कन्या महाविद्यालय सोजत सिटी, राजकीय कन्या महाविद्यालय बड़ागुड़ा तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय सोजत रोड में भी योग दिवस के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।


