सोजत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सोजत इकाई द्वारा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोजत में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्थाओं के विरोध में बुधवार को महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने बताया कि महाविद्यालय में लंबे समय से नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है। हाल ही में संशोधित परीक्षा समय-सारणी जारी होने के बावजूद विद्यार्थियों को पर्याप्त अध्ययन अवसर एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। अधिकांश प्राध्यापकों के अवकाश पर होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा परीक्षाओं की तैयारी भी बाधित हो रही है।
विद्यार्थी परिषद ने कहा कि बिना नियमित शिक्षण व्यवस्था के परीक्षाओं का आयोजन विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से नियमित कक्षाओं का तत्काल संचालन प्रारंभ करने, सभी प्राध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ABVP के पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा हेतु परिषद सदैव संघर्षरत रहेगी। यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिषद विद्यार्थियों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में परिषद के निखिल मेवाड़ा (प्रदेश सोशल मीडिया टोली सदस्य), अभिषेक मेवाड़ा ( विभाग संयोजक ABVP पाली), हितेश राठौड़ (ABVP सोजत जिला संयोजक),हितेश सोलंकी (ABVP सोजत भाग संयोजक), सानिया खान (ABVP सोजत नगर सह मंत्री), राहुल राजपुरोहित (नगर SFS संयोजक),राहुल वैष्णव, प्रद्युम्न शर्मा, सुनील वैष्णव,युवराज मालवीय, युवराज राठौड़,राशि त्रिपाठीसहित बड़ी संख्या मे पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

