सोजत। गंगोत्री के गौमुख से पवित्र गंगाजल कांवड़ में भरकर करीब 1200 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी करने वाले श्री मल्केश्वर महादेव मंदिर के पुजारी प्रदीप वैष्णव का रविवार को सोजत पहुंचने पर कोट का मोहल्ला व्यवस्था समिति एवं मोहल्लेवासियों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पुजारी प्रदीप वैष्णव ने भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण का परिचय देते हुए यह कठिन यात्रा दूसरी बार पूरी की है। उन्होंने 12 मई 2026 को गौमुख से यात्रा प्रारंभ की और 44 दिनों की पदयात्रा के बाद 24 जून 2026 को सोजत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अन्न का पूर्ण त्याग कर केवल फलाहार ग्रहण करते हुए अपना संकल्प पूरा किया।
यात्रा के दौरान लाया गया पवित्र गंगाजल अब पूरे श्रावण मास में श्री मल्केश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए उपयोग किया जाएगा।
पुजारी वैष्णव के इस कठिन तप, आस्था और संकल्प से प्रभावित होकर रविवार को श्री चारभुजा मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। उनके साथ पूरी यात्रा पैदल तय करने वाले अमृत बंजारा का भी अभिनंदन किया गया।
समारोह में आयोजन समिति के जगदीश सिंह गहलोत, जगदीश पाराशर, बहादुर सिंह खींची,ओम पाराशर राधेश्याम अग्रवाल, मोती सिंह राजपुरोहित, श्रवण सिंह राजपुरोहित, हरी नारायण पाराशर, घनश्याम अग्रवाल, पुजारी ओमप्रकाश जोशी, कमल सिंह चौहान, कृष्णा टेलर,जवरीलाल बोराणा, रणजीत सिंह, ज्योति टेलर सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

