सोजत। बासनी भदावता स्थित श्री गुरु लाल भारती जी महाराज के धूणे पर महंत मुकन गिरी जी महाराज की अध्यक्षता में 16 बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाजबंधुओं, संत-महात्माओं एवं दूर-दराज से आए अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सुप्रसिद्ध भजन गायक महेंद्र जाडन ने गणेश वंदना से की। इसके बाद गायक पारस सोलंकी एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बाहर से आए मेहमानों के लिए टेंट में ठहरने एवं भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। रात्रि में पधारे विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक रूप से सम्मान भी किया गया।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों ने 16 जोड़ों का विधि-विधान से विवाह संपन्न करवाया। सात वचनों के साथ नवदंपतियों ने अग्नि के फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।


