in

सोजत के ऐतिहासिक दरवाजों पर अब नहीं लगेंगे पोस्टर-बैनर, नगरपालिका ने जारी किए सख्त निर्देश।

सोजत। शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और नगर की सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से नगरपालिका सोजत सिटी ने महत्वपूर्ण पहल की है। नगरपालिका प्रशासन ने शुक्रवार को आदेश जारी कर शहर के समस्त प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को निर्देशित किया है कि नगर के ऐतिहासिक दरवाजों पर किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर, विज्ञापन, प्रचार सामग्री अथवा फ्लेक्स नहीं लगाए जाएं।

जारी आदेश में नगरपालिका ने स्पष्ट किया कि सोजत नगर के ऐतिहासिक दरवाजे हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनकी सुंदरता, गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। ऐसे में इन धरोहरों पर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाना प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन को भी ऐसी सामग्री लगाने के लिए प्रोत्साहित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगरपालिका ने प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को यह भी निर्देश दिए हैं कि उनकी प्रेस पर पोस्टर, बैनर एवं फ्लेक्स छपवाने आने वाले ग्राहकों को स्पष्ट रूप से अवगत करवाएं कि ऐतिहासिक दरवाजों एवं सार्वजनिक संपत्तियों पर इस प्रकार की सामग्री लगाना प्रतिबंधित है।

आदेश में चेतावनी दी गई है कि यदि किसी प्रिंटिंग प्रेस संचालक द्वारा निर्देशों की अवहेलना की जाती है अथवा ऐतिहासिक धरोहरों पर पोस्टर-बैनर लगाने में सहयोग किया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी।

नगरपालिका की इस पहल को सोजत की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं व्यापारियों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और सोजत की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इरफान अहमद गौरी राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के उपाध्यक्ष मनोनीत, सोजत में खुशी की लहर