सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार बुधवार, 28 अक्टूबर को तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती रेखा रानी ने उप कारागृह, सोजत का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागृह में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप कारागृह में कुल 54 बंदी निरुद्ध मिले, जो सभी विचाराधीन प्रकरणों में बंद हैं। न्यायिक अधिकारी ने बंदियों से पीने के लिए स्वच्छ पानी, स्नान एवं कपड़े धोने के लिए पर्याप्त पानी, व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री तथा कपड़े धोने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही रसोईघर, बैरकों और शौचालयों की स्थिति एवं साफ-सफाई का भी जायजा लिया।
बंदियों को दी निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी…
निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारी ने यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बंदियों से चर्चा की कि कोई भी व्यक्ति अधिवक्ता के अभाव में न्यायिक प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया। इसके अतिरिक्त, जमानत स्वीकृत होने के बावजूद कारागृह में निरुद्ध बंदियों के संबंध में जानकारी ली गई।
स्वास्थ्य जांच और आयु संबंधी जानकारी भी जुटाई…
न्यायिक अधिकारी ने नव आगंतुक बंदियों से बातचीत कर अपराध के समय उनकी आयु के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली, ताकि कारागृह में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की स्थिति का आकलन किया जा सके।
इस अवसर पर उप कारागृह सोजत के जेल उपकारापाल धर्मपाल डूडी, पैनल एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी, दुलीचन्द कुमावत, सांवल प्रभात व्यास सहित जेल कर्मचारी उपस्थित रहे।


