सोजत। शहर में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन की खुशहाली की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने सुबह सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। इसके बाद दिनभर उपवास रखकर भगवान गणेश, माता करवा और चंद्रदेव की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर सोलह शृंगार किया तथा एकत्रित होकर करवा चौथ की कथा सुनी। पूजा के दौरान पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-शांति और वैवाहिक जीवन में प्रेम एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना की गई।
करवा चौथ के पर्व पर महिलाओं को शाम से ही चंद्रोदय का इंतजार रहा। चंद्रमा के दर्शन होने पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद छलनी से चंद्रमा और अपने पति का चेहरा देखकर व्रत खोला। पूरे दिन श्रद्धा और विश्वास के साथ रखे गए इस व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
करवा चौथ का पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। यह त्योहार भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है।
इस अवसर पर कोमल टांक, अनमोल टांक, प्रियंका सांखला, रतनी देवी, प्रियंका टांक, वैशाली, पूजा पालरिया, प्रियंका सैनी, पिस्ता देवी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

