पाली/जोधपुर। जोधपुर के स्टील भवन में आयोजित ‘फोरेवर हेल्प संस्था’ के राष्ट्रीय वार्षिक सम्मान समारोह में पाली की बेटी जिया मोयल को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘फोरेवर युवा सेवा सम्मान’ से नवाजा गया है।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व जेडीए चेयरमैन राजेन्द्र सोलंकी, वैज्ञानिक डॉ. रूकैया बानो, महेश कुमार पंवार, करणसिंह राठौड़ (बाबा रामदेव संस्थान), और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सलीम खान सहित संस्था के संस्थापक अध्यक्ष लियाकत खान वारसी ने जिया मोयल को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, शॉल व तिरंगा पट्टी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
घर-घर पहुँचा रही हैं सरकारी योजनाएँ:
आपको बता दें कि जिया मोयल पिछले कुछ वर्षों से लगातार ज़मीनी स्तर पर सक्रिय हैं। वे बिना किसी स्वार्थ के, पूरी निर्भीकता और ईमानदारी के साथ घर-घर जाकर आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने और उन्हें जागरूक करने का काम कर रही हैं। फोरेवर हेल्प संस्था (मिशन कौमी एकता सद्भावना, जोधपुर) द्वारा दिया गया यह सम्मान उनकी इसी उत्कृष्ट सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर पाली और जोधपुर के प्रबुद्ध जनों ने जिया मोयल को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।


