सोजत। सोजत तहसील टेन्ट किराया व्यवसायी समिति के अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए रविवार दोपहर सोजत सिटी में तहसील चेयरमैन डॉ. मुकेश टांक के नेतृत्व में सोजत तहसील के सभी टेन्ट व्यवसायियों की आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष पद के चयन को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लेने की प्रक्रिया अपनाई गई।
अध्यक्ष पद के लिए सोजत तहसील के पांचों ब्लॉक अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की एक विशेष समिति गठित की गई। समिति को चार संभावित प्रत्याशियों के नाम सुझाए गए। विशेष समिति ने एकांत में विचार-विमर्श करने के बाद प्रकाश गेहलोत (माली) के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाते हुए उन्हें सोजत तहसील टेन्ट किराया व्यवसायी समिति का अध्यक्ष घोषित किया।
निर्वाचन की घोषणा होते ही उपस्थित सभी टेन्ट व्यवसायियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश गेहलोत (माली) का माल्यार्पण कर एवं राजस्थानी साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद ढोल-थाली की गूंज के बीच जुलूस के रूप में उन्हें उनके निवास तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश गेहलोत (माली) ने सभी व्यवसायियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा सभी टेन्ट व्यवसायियों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदैव कार्यरत रहेंगे।
बैठक में तहसील टेन्ट समिति के चेयरमैन डॉ. मुकेश टांक, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश गेहलोत घांची, माधू बा, ललित उणेचा, भगवानराम सिरवी, मोहम्मद सलीम, अक्षय कुमार, बीरबल सिंह, रवि, मुकेश प्रजापत,नरपत तंवर, ओमप्रकाश चौहान,कैलाश पंवार, सुजाराम सहित बड़ी संख्या में सोजत तहसील के टेन्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।

