सोजत। अमर शहीद एवं प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक श्री मंगल पाण्डे की 199वीं जयंती पर रविवार को स्थानीय भेरूजी चौक में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्री मंगल पाण्डे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्रभक्ति से प्रेरित जीवन को स्मरण किया।
इस अवसर पर चन्द्रशेखर शर्मा ने श्री मंगल पाण्डे के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रधर्म का पालन करने वाले महापुरुष सदैव अमर रहते हैं। उन्होंने कहा कि श्री मंगल पाण्डे ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर देशवासियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपिका शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गौरक्षा की प्रेरणा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित जीवन ही श्री मंगल पाण्डे की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कि हमें अपने अमर शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ जीवन जीने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में कुलदीप व्यास, सोहन शर्मा, तक्ष कुवेरा, आनंद मेवाड़ा, खुशवंत गुप्ता, गौरांग सोनी, नवीन शर्मा, हिमांग शर्मा, सरिता परिहार, राजकन्या जोशी, गीत शर्मा, दीक्षा शर्मा, मानुष शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई और अमर शहीद श्री मंगल पाण्डे को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


