धाकड़ी/शिवपुरा। शिवपुरा थाना क्षेत्र के धाकड़ी गांव में सोमवार तड़के चोरों ने एक वृद्ध दंपती के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कहाँ और कैसे हुई घटना?
घटना आज सुबह करीब 1:30 बजे की है। धाकड़ी गांव में रोड पर स्थित 80 वर्षीय मोतीराम पुत्र भानाराम चौधरी के मकान में चोरों ने धावा बोला। मोतीराम जी की नजर कमजोर है और उनकी 70 वर्षीय पत्नी भानी बाई के घुटनों में दर्द रहने के कारण ठीक से चला भी नहीं जाता। उनके पास ही उनकी 20 वर्षीय दोहिती अंजू भी वहीं सो रही थी।
तीनों एक ही कमरे के पास सोए हुए थे, इसके बावजूद शातिर चोरों ने कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने बक्से का ताला तोड़ा और सारा सामान बिखेरते हुए उसमें रखे कीमती आभूषण और नकदी चुरा ली। इसके बाद चोर दीवार कूदकर फरार हो गए।
क्या-क्या हुआ चोरी?
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने घर से निम्नलिखित सामान चुरा लिया:
नकदी: 12,000 रुपये (जो किसी से उधार लाकर रखे गए थे)
चांदी: लगभग 1 किलो चांदी (जिसमें 2 कंदोरा और 4 छड़ों की जोड़ी शामिल है)
सोना: 3 नाक की फिनीया, 2 लुंगों की जोड़ी, 2 कोकनिया और 2 तोले की कंठी
दौड़कर जागने पर भागे चोर
चोरी की इस वारदात को अंजाम देकर जब चोर वापस लौटने लगे, तब आहट पाकर दोहिती अंजू की नींद खुल गई। अंजू के चिल्लाने पर चोर तुरंत दीवार फांदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।

पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर मामले की तफसीस शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

