in

सोजत सिटी: मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं—सोजत ने मतदान के बाद फिर पेश की लोकतंत्र की खूबसूरत मिसाल।

मतदान खत्म, चुनावी शोर थमा; प्रत्याशियों की साथ आई तस्वीरों ने जीता शहरवासियों का दिल।

 

 

सोजत सिटी। नगर पालिका चुनाव के लिए मतदान की आपाधापी थमते ही शहर में चुनावी शोरगुल भी समाप्त हो गया। कल तक चुनावी मैदान में एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े प्रत्याशी मतदान के बाद जब एक-दूसरे से हाथ मिलाते और साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए तो इन तस्वीरों ने शहरवासियों का दिल जीत लिया।

इन खुशनुमा तस्वीरों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हमारे देश का लोकतंत्र कितना मजबूत और खूबसूरत है। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के बीच राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। मतदान समाप्त होने के बाद लगभग सभी वार्डों में आमने-सामने चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी एक-दूसरे से मिले, हाथ मिलाए और साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

यही तो लोकतंत्र की असली पहचान है। चुनाव में जीत-हार अपनी जगह है, लेकिन चुनाव के बाद आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक एकता कायम रहना लोकतंत्र की सबसे बड़ी जीत है। सोजत ने मतदान के दिन इस भावना को धरातल पर चरितार्थ होते हुए देखा।

प्रशासन की तैयारियां भी रहीं पुख्ता

नगर पालिका चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पहले से ही माकूल तैयारियां कर रखी थीं, जिनका असर मतदान के दिन हर स्तर पर नजर आया। शहर के प्रत्येक वार्ड और मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रही। आला अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

चिन्हित संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस जाप्ते की तैनाती के साथ प्रशासनिक निगरानी भी लगातार बनी रही। परिणामस्वरूप मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

सोजतवासियों ने निभाई लोकतंत्र के महापर्व में जिम्मेदारी

प्रशासन की तैयारियों के साथ ही सोजत के मतदाताओं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व को बेहद शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चुनाव के दौरान राजनीतिक प्रतिस्पर्धा रही, लेकिन मतदान के बाद जिस तरह प्रत्याशी एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आए, वह पूरे शहर के लिए सकारात्मक संदेश है।

कौन सी पार्टी जीतेगी और कौन सा प्रत्याशी विजयी होगा, इसका फैसला 14 सितंबर को होगा। लेकिन मतदान का शांतिपूर्ण संपन्न होना और चुनाव के बाद कायम भाईचारा—यही लोकतंत्र की असली जीत है।

अब 14 सितंबर का इंतजार

मतदान संपन्न होने के साथ ही अब सोजतवासियों की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं। शहर के वार्ड संख्या 1 से लेकर 40 तक मतदाताओं द्वारा दिए गए जनादेश का फैसला ईवीएम में कैद है।

14 सितंबर को जब ईवीएम खुलेगी तो तस्वीर साफ होगी कि जनता ने किस प्रत्याशी और किस राजनीतिक दल पर अपना विश्वास जताया। फिलहाल प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हैं और शहर में हर किसी को 14 सितंबर के चुनावी परिणाम का बेसब्री से इंतजार है।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत सिटी नगरपालिका चुनाव मे मतदान कल: 132 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे 34,005 मतदाता।