सोजत। सोजत महोत्सव-2026 के तहत बुधवार को आईओसी कॉलोनी, मोड़ भट्टा स्थित भोलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए चार क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांच से भरपूर मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। वहीं, बड़ी संख्या में मौजूद खेलप्रेमियों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
पहले दिन के चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर बोपारी, वासुदेव स्पोर्ट्स चंडावल, हिंदुस्तान क्लब सोजत और सिक्स ब्रदर्स सोजत ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब गुरुवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिन्हें लेकर खेलप्रेमियों में उत्साह है।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से किया परिचय…
प्रतियोगिता प्रभारी सत्तूसिंह भाटी एवं सोजत महोत्सव समिति के अध्यक्ष जोगेश जोशी ने अतिथियों पुष्पतराज मुणोत, ताराचंद सैनी और चेतन व्यास का खिलाड़ियों से परिचय करवाया। इस अवसर पर कॉलोनी की ओर से कुलदीप शर्मा, मनोज पालीवाल, प्रमोद सैन, प्रवींद्र सिंह, प्रिंस सांखला, ललित प्रजापत, ज्योतिस्वरूप सेन, प्रवीण तंवर एवं हिमांशु बंजारा ने अतिथियों का बहुमान किया।
आठ टीमों ने लिया प्रतियोगिता में भाग…
दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। इनमें बोपारी, पंचायत समिति क्लब सोजत सिटी, मुरडावा, वासुदेव स्पोर्ट्स चंडावल, पाचुंडा कला, हिंदुस्तान क्लब सोजत, सोजत क्लब एवं सिक्स ब्रदर्स सोजत शामिल हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में चार टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई।
बड़ी संख्या मे रही खेलप्रेमियों की रही मौजूदगी…
प्रतियोगिता के दौरान पुष्पतराज मुणोत, ताराचंद सैनी, चेतन व्यास, जोगेश जोशी, जगदीश गेहलोत, पारसमल सिंघाड़िया, श्यामलाल, दलपत सिंह सांखला, अकरम खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में सत्तूसिंह भाटी, जगदीश गेहलोत, मुरलीधर जोशी, मदनलाल सुथार एवं प्रकाश जोशी ने रेफरी की भूमिका निभाई।
गुरुवार को होंगे सेमीफाइनल और फाइनल…
प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को आईओसी कॉलोनी, मोड़ भट्टा स्थित भोलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इन मुकाबलों में चारों विजेता टीमें खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी।


