विधिक साक्षरता सत्र में एजेएम कायनात शेख ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, अधिकारों के प्रति सजग रहने का दिया संदेश।
सोजत सिटी। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विजय आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार आयोजित सत्र में एजेएम सोजत श्रीमती कायनात शेख ने विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारों के प्रति जागरूक बनें विद्यार्थी…
सत्र को संबोधित करते हुए कायनात शेख ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना डर अपनी बात रखने तथा अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने ‘सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को पंख मिलते हैं’, ‘अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाओ’, ‘अपनी सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहो’ तथा ‘जहां शिक्षा होती है, वहां कोई बच्चा असुरक्षित नहीं होना चाहिए’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटिका बनी आकर्षण…
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में ‘कोर्ट वाली दीदी’ के नाम से सुझाव एवं शिकायत पेटिका स्थापित की गई। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं एवं महिलाएं अपनी शिकायतें और सुझाव लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकेंगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं को अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए सुरक्षित माध्यम उपलब्ध करवाना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
अतिथियों का किया स्वागत…
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय व्यवस्थापक दिनेश सोलंकी एवं विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश व्यास ने किया, जबकि संस्था संरक्षक एवं राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के जिला पाली संरक्षक सत्तुसिंह भाटी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार अब्दुल समद राही, सहायक कर्मचारी लोकेश टाक, आरपी हेड कांस्टेबल झूमरलाल, आशिक शेख, धनाराम सोलंकी, विद्यालय स्टाफ से शाहबाज खान, मोहम्मद नासिर अंसारी, आशा माली, सुनील पवार, प्रियंका, पिंटू देवी, पायल राव, विजयलक्ष्मी दवे एवं कौशल्या देवी सहित अभिभावक किरण प्रजापत, कानाराम चौधरी, सुमन प्रजापत, बाबू खान सिंधी, गणपत पंवार, मुकेश भारती, लक्ष्मण सोलंकी, खुशबू राठौर, चांदनी भाटी, निरमा पंवार, पूजा राठौर, हार्दिक सोलंकी, रणवीर सिंह, नवीन सोलंकी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


