सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार शुक्रवार को सोजत उप कारागृह का न्यायिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती रेखा रानी ने किया। इस दौरान जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान उप कारागृह में कुल 53 बंदी निरुद्ध पाए गए, जो सभी विचाराधीन प्रकरणों में बंद हैं। न्यायिक अधिकारी एवं बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों ने बंदियों से सीधे संवाद कर जाति के आधार पर विभिन्न गतिविधियों में किसी प्रकार के भेदभाव की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं एवं जेल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही नव आगंतुक बंदियों से भी बातचीत की गई तथा अपराध के समय उनकी आयु के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित मेडिकल जांच एवं चिकित्सा आपातकालीन व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर उप कारागृह सोजत के जेल उपकारापाल धर्मपाल डूडी, थानाधिकारी देवेंद्र सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी डॉ. सोहनलाल, मोहनलाल सूत्रकार, बीएस मीणा, बीआर जांगिड़, विजयपाल, मनीष विश्नोई, सुमन खजोलिया सहित न्यायालय कर्मचारी दुलीचंद कुमावत, सांवल प्रभात व्यास एवं जेल कर्मचारी उपस्थित रहे।


