सोजत। सोजत पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से परिजनों से बिछड़ा एक मासूम बच्चा सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने अथक प्रयास कर मासूम के परिजनों का पता लगाया और उसे उसकी बड़ी बहन सरोज के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मासूम कार्तिक खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया और रास्ता भटक गया। उसके माता-पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर का रास्ता नहीं मिलने के कारण मासूम इधर-उधर भटकता रहा। इस दौरान पुलिस ने बच्चे को संभालते हुए उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाई।
एएसआई कानाराम सीरवी एवं कांस्टेबल किशोर कच्छवाह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मासूम के परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने अथक प्रयास कर बच्चे के परिवार का पता लगाया। इसके बाद मासूम कार्तिक को उसकी बड़ी बहन सरोज के सुपुर्द किया गया।
पुलिस की इस तत्परता से मासूम को सुरक्षित परिवार का साथ मिल गया। वहीं, परिजनों तक बच्चे को सुरक्षित पहुंचाने पर पुलिसकर्मियों की संवेदनशीलता और मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।

