in

सोजत की धरा पर दिखी बिहार की लोकसंस्कृति की झलक, बिहारी समुदाय ने धुमधाम से मनाया छठ का महापर्व।

सोजत सिटी। नगर के कृषि मंडी रोड स्थित रामप्याऊ क्षेत्र में रविवार को सोजत में निवासरत बिहारी समाज के परिवारों ने छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक पूजन में महिला एवं पुरुष व्रतियों ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व को लेकर रामप्याऊ क्षेत्र में विशेष सजावट की गई। पूजन स्थल को फूलों की लड़ियों और गन्ने से आकर्षक रूप से सजाया गया। वहीं जल के किनारे रखी बांस की टोकरियों में केले, नारियल सहित विभिन्न फल एवं पूजन सामग्री सजी नजर आई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान परिवारजन भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजन में शामिल हुए।

छठ महापर्व बिहार की प्रमुख लोक आस्था और सूर्य उपासना का पर्व है। इसमें सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना की जाती है। जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देना इस पर्व की प्रमुख परंपरा है। सोजत में बसे बिहारी परिवारों ने सामूहिक आयोजन के माध्यम से अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक आस्था को जीवंत बनाए रखा।

इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय शहरवासी भी रामप्याऊ पहुंचे। लोगों ने छठ पूजा की पारंपरिक रस्मों को करीब से देखा और बिहारी समाज के परिवारों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। सामूहिक पूजा-अर्चना से रामप्याऊ क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।

Akram Khan

Written by Akram Khan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोजत: मां नागणेची माता की भक्ति में आज सजेगी भव्य भजन संध्या, मनीष परिहार, अनंत लोहार और दिव्या वैष्णव देंगे भजनों की प्रस्तुतियां।

शहंशाह-ए-सोजत हजरत नूरशाह बाबा का सालाना उर्स 18 नवंबर को, मशहूर कव्वाल जुबैर नईम सजाएंगे महफिल-ए-कव्वाली