बगड़ी नगर। लोकदेवता बाबा रामदेव जी के रुणिचा मेले में दर्शन करने के लिए बगड़ी नगर से गजेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जातरु रवाना हुए। कल शाम साड़ियां से निकले यात्री आज सुबह सोजत सिटी होकर अलग-अलग गांवों से भी बाबा रामदेव मंदिर रुणिचा के लिए जा रहे हैं।
गजेंद्र प्रजापत ने बताया कि यात्रियों की संख्या फिलहाल डेढ़ सौ से अधिक है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जाएगा। यह परंपरा हर साल निभाई जाती है, जिसमें श्रद्धालु पैदल यात्रा कर बाबा रामदेव जी के दर्शन करते हैं। इस यात्रा के दौरान हाथों में पचरंगी ध्वज लिए श्रद्धालु “जय बाबा री” के जयकारों के साथ आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव जी के चमत्कार की गूंज केवल राजस्थान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बेंगलुरु, मद्रास, पंजाब, कोलकाता, अहमदाबाद सहित देशभर से लाखों श्रद्धालु रामदेवरा मेला में पहुंचते हैं और अपनी मन्नतें मांगते हैं।
पत्रकार पुनाराम प्रजापत ने बताया कि अब तक करीब 35 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा रामदेव जी को धोक लगा चुके हैं। साथ ही राज्य सरकार की ओर से रेल और बसों में उचित व्यवस्थाएं की गई हैं। मार्ग में जगह-जगह भामाशाहों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भंडारे, राम रसोड़े, पेयजल व अस्थायी आवास की उत्तम व्यवस्था की गई है।
यात्रियों के मंगलमय सफर के लिए कुकाराम मेघवाल, खरताराम प्रजापत, किरण भाई, मोडाराम मेंशन, देवाराम मेघवाल, अशोक गोदारा, समंदर गर्ग, नंदकिशोर चारभुजा मंदिर के पुजारी सहित कई गणमान्यजनों ने शुभकामनाएं दीं।


