पाली। जिले में लगातार सांप के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार को अलग-अलग जगह दो लोग सांप के शिकार हो गए। खेत पर काम कर रही 15 वर्षीय नाबालिग और रसोई में खाना बना रही विवाहिता को सांप ने डस लिया। दोनों को पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया। जहां से विवाहिता को हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया।

रसोई में खाना बनाते समय सांप ने काटा
पाली शहर के शेखों की ढाणी में रहने वाली 25 वर्षीय अफसाना बानो पत्नी मुश्ताक खान मंगलवार सुबह रसोई में खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक उसके पैर पर सांप ने काट लिया। चीख-पुकार सुनकर परिवारजन पहुंचे, लेकिन तब तक सांप वहां से निकल चुका था। परिजन अफसाना को तुरंत बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया।
परिजनों का कहना है कि पिछले छह माह में यह सातवीं बार है जब अफसाना को सांप ने काटा है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि इलाके में करीब छह फीट लंबा सांप लंबे समय से घूम रहा है।
लकड़ियां काटते समय नाबालिग को काटा
इसी तरह बारां जिले के कुशालपुरा हाल पाली जिले के खौड गांव में रहने वाले राजेश कुमार की 15 वर्षीय बेटी राजकुमारी मंगलवार सुबह लकड़ियां काट रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने मौके पर ही पत्थरों से वार कर सांप को मार डाला और घायल बालिका को उपचार के लिए पाली बांगड़ अस्पताल लाए। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
मानसून में बढ़ रहा खतरा
गौरतलब है कि मानसून के दौरान सांप बिलों से बाहर आ जाते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्नेक बाइट की घटनाएं बढ़ रही हैं। दो दिन पहले ही सांप के काटने से एक बालिका की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग अलग-अलग घटनाओं में घायल हुए थे।


