पाली। आमजन को पुलिस सेवाओं से जोड़ने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा शुरू किए गए राजकॉप सिटीजन ऐप के प्रति जागरूकता अभियान गुरुवार को पाली शहर में चलाया गया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर ऐप के पेम्पलेट और पोस्टर चस्पा करती नजर आईं।
टीम ने बांगड़ हॉस्पिटल, स्कूल-कॉलेजों और आसपास के क्षेत्रों में पोस्टर लगाए। साथ ही बड़े वाहनों और स्कूली बसों पर भी राजकॉप सिटीजन ऐप के पोस्टर चस्पा कर लोगों को इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी।
इस संबंध में महिला अनुसंधान सेल के प्रभारी एएसपी नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि आम लोगों में ऐप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके बारे में जान सकें।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में विशेषकर महिलाएं और बालिकाएं इस ऐप के माध्यम से पुलिस से तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम की भंवरी, इमरती, राधा, संगीता, भजना, राधा विश्नोई, संगीता जीनगर, पींकू, अनुसूइया, विनोद कंवर, मनोज कंवर और छोटू कंवर सहित कई महिला कांस्टेबल शहर में पोस्टर चस्पा करती नजर आईं।
आमजन को मिलेंगी ये सुविधाएं…
राजकॉप सिटीजन ऐप आम नागरिकों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इसके जरिए लोग मोबाइल से कहीं से भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं और थाने जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शिकायत की गोपनीयता, पारदर्शिता और ट्रैकिंग की सुविधा भी ऐप में उपलब्ध है, जिससे यूजर अपनी शिकायत की स्थिति कभी भी देख सकते हैं।
इसके अलावा ऐप में एसओएस पैनिक बटन के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। नागरिक किराएदार या नौकर का पुलिस सत्यापन, साइबर फ्रॉड की रिपोर्ट, पुलिस संपर्क निर्देशिका और अन्य कई सेवाओं का लाभ भी ले सकते हैं।
राजस्थान पुलिस ने इस ऐप को “सिर्फ एप्लिकेशन नहीं, समाधान है” टैगलाइन के साथ लॉन्च किया है, जो डिजिटल इंडिया मिशन के तहत पुलिस व्यवस्था को अधिक तकनीकी और जन-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



