पाली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पाली जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और विशेष रूप से बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ग्रामीण एवं सामाजिक विकास संस्था (GSVS), पाली को सम्मानित किया गया।
संस्था के ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन’ कार्यक्रम के प्रोग्राम मैनेजर विक्रम सिंह और जिला समन्वयक अमन कुमार वैष्णव ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के समर्पण और निरंतर जमीनी प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि संस्था लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बाल अधिकारों की सुरक्षा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्यरत है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर टीम सदस्य धन्नाराम, हरिराम, अमिता और खेरनिशा भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा मिला यह सम्मान संस्था के मनोबल को बढ़ाने वाला है, जिससे भविष्य में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान को और मजबूती मिलेगी।


